
Gujarat News : गुजरात में सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कमी की खबरों ने अचानक लोगों में घबराहट पैदा कर दी। देखते ही देखते अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत और राजकोट जैसे बड़े शहरों में लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों की ओर उमड़ पड़े।
पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
अफवाह फैलते ही हजारों वाहन चालक एक साथ ईंधन भरवाने निकल पड़े, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। कई जगहों पर हालात ऐसे बन गए कि सड़कों पर जाम जैसी स्थिति देखने को मिली और लोगों में बेचैनी बढ़ने लगी।
सरकार ने किया साफ: ईंधन की कोई कमी नहीं
स्थिति को बिगड़ता देख राज्य सरकार ने तुरंत सफाई दी। सरकार की ओर से कहा गया कि गुजरात में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी तरह की कमी नहीं है।
इस दौरान हर्ष संघवी ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और बेवजह घबराकर ईंधन की खरीदारी न करें।
अफवाहों की वजह से बढ़ी भीड़
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को लेकर फैली कुछ भ्रामक खबरों ने इस स्थिति को जन्म दिया। लोगों ने संभावित कमी के डर से पहले ही ईंधन भरवाना शुरू कर दिया, जिससे अचानक मांग बढ़ गई और पंपों पर दबाव बन गया।
कई जगहों पर लगानी पड़ी लिमिट
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन की बिक्री पर सीमा तय करनी पड़ी। दोपहिया वाहनों के लिए सीमित राशि तक ही पेट्रोल देने का फैसला लिया गया। वहीं, कुछ पंपों पर तो पुराना स्टॉक खत्म होने से थोड़ी देर के लिए आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें, ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।
ये भी पढ़ें – पश्चिमी यूपी में मौसम का कहर, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें हुईं बर्बाद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









