
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के त्योहार से पहले शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी दी है. सरकार ने निर्देश दिया है कि फरवरी महीने का वेतन 28 फरवरी, शनिवार तक सभी कर्मचारियों को भुगतान किया जाए.
शिक्षा विभाग ने भी आदेश जारी कर सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस निर्णय के बाद राज्य के सरकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है.
2 मार्च को होलिका दहन
उत्तर प्रदेश स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय को आदेश दिया है कि सभी कर्मचारियों का वेतन 2 मार्च से पहले भुगतान सुनिश्चित किया जाए. आदेश में यह भी कहा गया है कि 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली का त्योहार है, इसलिए समय पर वेतन देना आवश्यक है.
विशेष फैसला राज्यपाल की मंजूरी के बाद
सरकार ने सभी निदेशालयों और वित्त विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 2 मार्च से पहले सभी कर्मचारियों का वेतन समय पर सुनिश्चित करें. वित्त विभाग के आदेश में बताया गया कि रविवार (1 मार्च) को छुट्टी और सोमवार (2 मार्च) को होलिका दहन होने के कारण सामान्य वेतन भुगतान संभव नहीं था. इसलिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मंजूरी के बाद यह विशेष फैसला लिया गया.
जिलों के अधिकारियों को निर्देश
शासन ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने विभागों में तैनात कर्मचारियों का वेतन 28 फरवरी, शनिवार तक भुगतान सुनिश्चित करें. इसके साथ ही आदेश का पालन सख्ती से करने की भी हिदायत दी गई है.
ये भी पढ़ें – पंजाब में किसानों को मिला 398 करोड़ का तोहफा, 5358 लोगों को सीआरएम मशीनरी पर भारी सब्सिडी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









