Kashmir Earthquake : शनिवार सुबह जम्मू-कश्मीर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए. कश्मीर घाटी के कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया, जिसके बाद एहतियातन लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. हालांकि अब तक कहीं से भी किसी तरह के नुकसान या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है.
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के बदाखशान क्षेत्र के जायबक में था. इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.0 दर्ज की गई. भूकंप सुबह करीब 8 बजकर 24 मिनट पर आया और इसकी गहराई जमीन के अंदर लगभग 190 किलोमीटर थी.
डोडा में मार्च में आया था 4.2 तीव्रता का भूकंप
भूकंप के झटकों के बाद घाटी में कुछ समय तक लोग घरों के बाहर ही रहे और स्थिति सामान्य होने के बाद ही वापस लौटे. इससे पहले मार्च में जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था. उस समय भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं मिली थी. यह झटका देर रात करीब 1 बजकर 25 मिनट पर महसूस किया गया था और इसका केंद्र जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे था.
10 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र
वहीं, फरवरी महीने में भी कश्मीर घाटी में 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था. इसके चलते बारामूला जिले के पट्टन और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में डर का माहौल बन गया था. यह भूकंप सुबह 5 बजकर 35 मिनट पर 10 किलोमीटर की गहराई में आया था और इसका केंद्र पट्टन क्षेत्र में था, जो गुलमर्ग से करीब 10 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है.
हजारों लोगों की गई थी जान
आपकों बता दें कि कश्मीर घाटी भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आती है. भारतीय मानक ब्यूरो के राष्ट्रीय भूकंपीय मानचित्र में इस पूरे हिमालयी इलाके को उच्च जोखिम वाले क्षेत्र में रखा गया है. 8 अक्टूबर 2005 को आए 7.6 तीव्रता के भूकंप ने नियंत्रण रेखा के दोनों ओर कश्मीर में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था.
ये भी पढ़ें- दोस्त से मिलने के लिए 12 किलोमीटर दौड़ी लड़की, धूल से हुआ बुरा हाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









