
Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। लेकिन सुबह और शाम के समय अभी भी ठंड से लोगों का हाल बेहाल है।
दिल्ली-एनसीआर के इलाके में अब दिन में धूप निकलनी शुरू हो गई है। इस धूप की वजह से दिन में ठंड से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। वहीं रात में अभी भी ठंड का असर जारी है। रविवार के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक पूरे दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री से 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी नौ से दस डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
बादलों की आवाजाही लगी रहेगी
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में हल्की धूप खिली रहेगी। हालांकि इस दौरान बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। कुछ जगहों पर सुबह-शाम घना कोहरा भी छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में हवाएं भी चलेंगी, जिससे लोगों को ठंड से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से ठंड बढ़ सकती है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि इसके कुछ दिनों बाद ठंड से राहत मिल सकती है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में शनिवार को अधिकतर इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। वहीं कुछ जगहों पर मध्यम स्तर का कोहरा रहा। आईजीआई एयरपोर्ट के पास भी मध्यम कोहरा छाया रहा। इस कारण यहां सुबह 4:30 बजे के दौरान विजिबिलिटी 200 मीटर रही। वहीं सफदरजंग के पास हल्का कोहरा छाने से सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर दर्ज हुई। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक 10.2 दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें : भारत का ऑटो इंडस्ट्री होगा अगले 5 साल में दुनिया में नंबर 1: नितिन गडकरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप