रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अरुणाचल प्रदेश में सेला सुरंग के अंतिम चरण का किया उद्घाटन

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defense Minister Rajnath Singh) ने कल वीडियो कांफ्रेंस के जरिए से अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में सेला सुरंग के अंतिम चरण के कार्य की शुरूआत की है। सुरंग में विस्फोट के साथ ही अंतिम चरण का कार्य भी शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार इस मौके पर रक्षा मंत्री सिंह ने देश की सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए सीमा सड़क संगठन की सराहना की। रक्षा मंत्री सिंह का कहना है कि कि संगठन अपने आदर्श वाक्य -श्रमण सर्वम साध्यम यानी कड़ी मेहनत से सब कुछ प्राप्त किया जा सकता है, के प्रति वचनबद्ध है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि सुरंग परिवहन सुविधा में बड़ा बदलाव लाकर नागरिकों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का कार्य करेगी। साथ ही इससे राष्ट्रीय सुरक्षा भी मजबूत होगी। रक्षा मंत्री सिंह ने कहा सेला सुरंग आने वाले समय में तवांग सहित पूरे अरुणाचल प्रदेश की जीवन रेखा साबित होगी।
इसके अलावा राजनाथ सिंह ने राजधानी दिल्ली में भी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से सीमा सड़क संगठन के मोटरसाइकिल अभियान को भी झंडी दिखाई। जिसके बाद उन्होंने कहा 75 सीमा सड़क संगठन, भारतीय सेना और जनरल रिजर्व इंजीनियर बल के जवान मोटरसाइकिल अभियान में भाग लेंगे। यह देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरते हुए करीब 20 हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगा।