London News : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय इन दिनों ब्रिटेन के दौरे पर हैं. चार दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने राज्य में करीब 12,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जानकारी दी है. विजय इस दौरे के दौरान लोगों से मिलने के लिए भी कार्यक्रम बना रहे थे. हालांकि मंगलवार को लंदन की मशहूर इमारत ‘द शार्ड’ के पास होने वाला उनका सार्वजनिक कार्यक्रम सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया.
सीएम विजय की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक ब्रिटेन की सबसे ऊंची इमारत ‘द शार्ड’ के बाहर पहुंच गए थे. बताया जा रहा है कि कई लोग घंटों तक कार्यक्रम शुरू होने का इंतजार करते रहे. बाद में आयोजकों ने घोषणा की कि तय कार्यक्रम अब नहीं होगा.
सुरक्षा कारणों से रद्द हुआ कार्यक्रम
विजय की टीम के एक सदस्य ने लाउडस्पीकर के जरिए भीड़ को बताया कि सुरक्षा कारणों से जरूरी मंजूरी नहीं मिल पाने की वजह से कार्यक्रम रद्द करना पड़ा है. इस घोषणा के बाद वहां मौजूद समर्थक निराश हो गए. कई लोग दूर-दूर से पहुंचे थे और उन्होंने काफी समय कार्यक्रम स्थल के बाहर इंतजार में बिताया था.
समर्थकों ने जताई निराशा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कार्यक्रम रद्द होने के बाद एक समर्थक ने कहा कि यह फैसला ठीक है, लेकिन वहां मौजूद लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, उन्होंने कहा कि तमिलनाडु जैसी भीड़ यहां देखने को नहीं मिली, फिर भी लोग विजय से मिलने के लिए पहुंचे थे.
12,300 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर फोकस
विजय फिलहाल यूनाइटेड किंगडम में तमिलनाडु सरकार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं. उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करना है. मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा के दौरान कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनसे करीब 12,300 करोड़ रुपये का प्रस्तावित निवेश आने की उम्मीद है.
अधिकारियों के मुताबिक, इन समझौतों से तमिलनाडु में उन्नत विनिर्माण और तकनीक के क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की संभावना है. इसके साथ ही इन परियोजनाओं से 9,400 से अधिक उच्च मूल्य वाली नौकरियां पैदा होने की उम्मीद जताई गई है. विजय अपनी ब्रिटेन यात्रा पूरी करने के बाद बुधवार को भारत लौट सकते हैं.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









