Gonda News : उत्तर प्रदेश के गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी और तेज कर दी है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे सोशल मीडिया पर जाति विशेष को लेकर की गई कथित टिप्पणी से उपजी नाराजगी सामने आई थी. इसके बाद पुलिस की सोशल मीडिया सेल और साइबर टीम फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रख रही है.
पुलिस का कहना है कि समाज में वैमनस्यता फैलाने वाली कथित पोस्ट के मामलों में अब तक तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इनमें इटियाथोक थाना क्षेत्र की काजल सिंह, कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कृष्ण कुमार निषाद और तरबगंज निवासी राम किशुन शामिल हैं.
दो मुकदमों में कार्रवाई
सदर सर्किल के सीओ अभिषेक ने बताया कि जिले में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं. इटियाथोक थाने में मुकदमा अपराध संख्या 323/26 दर्ज हुआ है, जबकि कोतवाली कर्नलगंज में मुकदमा अपराध संख्या 547/26 पंजीकृत किया गया है. इनमें से कर्नलगंज का मुकदमा कृष्ण कुमार निषाद के खिलाफ दर्ज किया गया है.
सीओ के अनुसार, साइबर सेल ने ऐसी पोस्ट ट्रेस की थीं, जिनसे कथित तौर पर एक जाति विशेष के लोगों को दूसरी जाति के खिलाफ हिंसात्मक कार्रवाई के लिए उकसाने की स्थिति बन सकती थी. पुलिस ने इन मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए अब विवेचना शुरू कर दी है.
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी के साथ पोस्ट करने की अपील की है. सीओ अभिषेक ने कहा कि पुलिस की सोशल मीडिया गतिविधियों पर पैनी नजर है. उन्होंने लोगों से जाति, धर्म या संप्रदाय के खिलाफ विद्वेषपूर्ण सामग्री पोस्ट या शेयर करने से बचने और सोशल मीडिया गाइडलाइंस का पालन करने को कहा. पुलिस के मुताबिक, ऐसे पोस्ट कानून-व्यवस्था और सामाजिक शांति को प्रभावित कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









