
I.N.D.I.A. गठबंधन को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच का सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव का बयान सामने आया था जिसमें वो कांग्रेस को घेरते हुए दिख रहे थे। अब कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल मध्यप्रदेश चुनाव में सीटें नहीं मिलने से नाराज़ अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेता अजय राव को गठबंधन में न बोलने की सलाह दी। इसके बाद कांग्रेस MLA वीरेंद्र चौधरी भड़क गए। उन्होंने कहा “अजय राव को बोलने की इजाजत हाईकमान से मिली हुई है। जैसे सपा पार्टी में आपके नेताओं के साथ व्यवहार होता है, कांग्रेस में नहीं होता। कांग्रेस में सभी को साथ लेकर चला जाता है। मेरी बातों को आप गलत मत लीजिएगा, लेकिन पार्टी के लिए हम भी उत्तरदायी है।”
सपा-कांग्रेस घमासान: सपा जैसा व्यवहार कांग्रेस में नहीं होता
वीरेंद्र चौधरी यही नहीं रुके, आगे बोलते हुए उन्होंनेकहा “हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी से अधिकार मिला हुआ है लेकिन आपकी पार्टी में नरेश उत्तम जी की हैसियत क्या है ये भी सभी जानते हैं। इसलिए शायद आपको लगा वैसा ही व्यवहार हर पार्टी में चलता होगा लेकिन हमारी पार्टी में नहीं चलता।” चौधरी ने कहा “भगवान आपको सद्बुद्धि दें अखिलेश जी”
पूरा मामला क्या है ?
दरअसल, सपा के सुप्रीमो Akhilesh Yadav ने मीडिया से मुखातिब होते हुए गुरूवार को कांग्रेस पर आरोप लगाए थे। Akhilesh Yadav ने कहा “मध्यप्रदेश में टिकट बंटवारे से पहले सपा और कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक हुई। देर रात तक ये बैठक चली। हमने उन्हें विधानसभा चुनाव को लेकर अपना प्लान बताया कि कौनसी सीटों पर सपा 1 बार जीती थी, किस सीट से 2 बार, किस सीट से लगातार…बैठक में हमें आश्वासन दिया गया था कि कांग्रेस की तरफ से मध्यप्रदेश में सपा के लिए 6 सीटों पर विचार किया जाएगा। जब कांग्रेस ने लिस्ट घोषित की तो समाजवादी पार्टी शून्य रही।” सपा से किए अपने वादे को पूरा नहीं करने पर Akhilesh Yadav ने गहरी नाराज़गी जताई। उन्होंने कांग्रेस के रवैये पर आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा “अगर India Alliance सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर ही है, राज्य पर नहीं तो इसकी जानकारी हमें पहले क्यों नहीं दी ? अगर हमें पहले से ये पता होता तो कांग्रेस ने India Alliance के लिए जो मीटिंग बुलाई थी, हम उसमें नहीं जाते।”
ये भी पढ़ें – I.N.D.I.A. का राष्ट्र स्तर पर गठबंधन नहीं, अखिलेश यादव ने जताई आपत्ति