राष्ट्रीय

नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान गिरफ्तार, ममता बनर्जी ने किया था समर्थन का ऐलान

Nandigram By Election : नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ गई है. कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को पुलिस ने एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया है. सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई साल 2007 में हुए नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान दर्ज हत्या के मामले को लेकर की गई है. पुलिस अब उन्हें पूर्व मेदिनीपुर जिले की हल्दिया अदालत में पेश करेगी.

मिलन प्रधान की गिरफ्तारी उस समय हुई, जब कुछ घंटे पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्हें सक्षम उम्मीदवार बताते हुए अपना समर्थन देने की घोषणा की थी. ममता के समर्थन के बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं.

कांग्रेस प्रवक्ता मीता चक्रवर्ती ने इस गिरफ्तारी को तानाशाही रवैया बताते हुए कहा कि विपक्ष ऐसी कार्रवाई और दबाव से पीछे हटने वाला नहीं है.

टीएमसी उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन

इससे पहले नंदीग्राम उपचुनाव में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया. ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ की अधिकृत उम्मीदवार संचिता प्रधान (डे) ने नबन्ना में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया.

नामांकन वापसी के बाद नंदीग्राम सीट पर ममता खेमे का कोई सीधा उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन देने का फैसला किया गया.

6 अक्टूबर को होगा नंदीग्राम उपचुनाव

नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होना है. इससे पहले चुनाव आयोग ने टीएमसी के नाम और चुनाव चिन्ह को लेकर चल रहे विवाद के बीच मूल ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फूल व घास’ चुनाव चिन्ह को फ्रीज करने का आदेश दिया था.

उपचुनाव से पहले उम्मीदवार की गिरफ्तारी और नामांकन वापसी जैसे घटनाक्रमों ने नंदीग्राम की चुनावी लड़ाई को और दिलचस्प बना दिया है.

ये भी पढ़ें- मिस्ट्री गर्ल के साथ वायरल वीडियो पर एल्विश यादव का जवाब, बोले- अफवाहें बंद करें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button