UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर में एक नए कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे. गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से मुख्यमंत्री की विधायक निधि से तैयार कराए गए इस कल्याण मंडपम का निर्माण जंगल नकहा नंबर 2 में किया गया है. यह सुविधा समाज के अल्प और मध्यम आय वर्ग के लोगों के पारिवारिक और मांगलिक आयोजनों के लिए रियायती विकल्प के रूप में उपलब्ध होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनहितकारी विजन के तहत गोरखपुर में वार्ड स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त कल्याण मंडपम की श्रृंखला तैयार की जा रही है. इसका उद्देश्य लोगों को महंगे मैरिज हाउस के विकल्प के रूप में बेहतर और सुलभ सुविधा उपलब्ध कराना है.
3.09 करोड़ का मंडपम तैयार
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार, वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर 2 में बने इस कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर करीब 3.08 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है. दो मंजिला इस भवन में करीब 300 लोगों के आयोजन की क्षमता है.
कल्याण मंडपम में बड़े हाल के साथ रसोईघर, स्टोर, कार्यालय, चेंज रूम और दोनों मंजिलों पर महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है. लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स के साथ पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया गया है. इसके अलावा परिसर में फव्वारे के साथ लॉन भी विकसित किया गया है.
कम खर्च में मांगलिक आयोजन की सुविधा
इस कल्याण मंडपम में विवाह समारोह, सामाजिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और सामूहिक उत्सव आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे. इससे आम लोगों को आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम को निर्देश दिए थे कि निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए ऐसे स्थान विकसित किए जाएं, जहां वे अपने मांगलिक आयोजनों को कम खर्च में कर सकें. अब तक मुख्यमंत्री के हाथों गोरखपुर में सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है. जंगल नकहा नंबर 2 में बनने वाला यह आठवां कल्याण मंडपम होगा. इससे पहले खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर में कल्याण मंडपम शुरू किए जा चुके हैं.
दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण जारी
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार, शहर में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी जारी है. इनमें एक वार्ड नंबर 7 महादेव झारखंडी और दूसरा वार्ड नंबर 2 बाबा राघवदास नगर के सेमरा में बनाया जा रहा है. दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गोरखपुर के चैरिटेबल ब्लड सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे. यह ब्लड सेंटर आईएमए के तारामंडल क्षेत्र स्थित भवन में स्थापित किया गया है.
ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









