Uttar Pradesh

CM योगी ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को लेकर की प्रदेशवासियों से अपील, बोले- स्थानीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार

CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) को लेकर प्रदेशवासियों के नाम एक पत्र लिखा है, उन्होंने लोगों से इस आयोजन का लाभ उठाने और प्रदेश की उद्यमिता, प्रतिभा और उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की अपील की है.

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा. वर्ष 2023 में शुरू हुए इस आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है.

रोजगार सृजन को सरकार ने दी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद रोजगार सृजन को सबसे पहली प्राथमिकता दी गई, उन्होंने बताया कि ODOP (एक जनपद-एक उत्पाद) और MSME के माध्यम से प्रदेश में 4 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं.

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बीमारू प्रदेश की छवि से बाहर निकालकर उत्सव प्रदेश बनाना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन सरकार के प्रयासों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है.

यूपी बना निवेश और निर्यात का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था विकास के इंजन के रूप में आगे बढ़ रही है. प्रदेश में निवेश का लक्ष्य 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है और देश-विदेश के निवेशक यूपी में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं, उन्होंने बताया कि प्रदेश के निर्यात में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की भागीदारी है. निवेश बढ़ने से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और इसका सीधा लाभ युवाओं को मिलता है.

युवाओं और उद्यमियों से जुड़ने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोदित और भावी उद्यमियों से UPITS में शामिल होकर नए अवसर तलाशने की अपील की है, उन्होंने कहा कि यह ट्रेड शो स्थानीय सामर्थ्य को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है. यहां नए संपर्क, नए बाजार और अपनी प्रतिभा के अनुसार अवसर तलाशे जा सकते हैं.

सीएम योगी ने युवाओं से उद्यमिता के प्रति जागरूक होने और अपने आसपास उपलब्ध संभावनाओं को पहचानने का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के प्रयासों से स्थानीय उत्पाद और प्रतिभा वैश्विक पहचान हासिल कर सकते हैं और विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करने में सभी की भागीदारी जरूरी है.

ये भी पढ़ें- Bank Holiday Alert : 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, 25 सितंबर से पहले निपटा लें जरूरी काम, बैंक हड़ताल और छुट्टियों से प्रभावित होगा कामकाज

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button