छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को लेंगे शपथ, पीएम मोदी होंगे शामिल

Chhattisgarh : राज्य के आदिवासी नेता विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को नए सीएम पद की शपथ लेंगे। रायपुर में शपथ ग्रहण समारोह बुधवार दोपहर दो बजे आयोजित होगा। भाजपा ने सोमवार को इसका ऐलान किया। पीएम मोदी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया समेत भाजपा के कई दिग्गज नेता भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
साय आरएसएस के करीबी रहे हैं
साय भाजपा के वैचारिक संरक्षक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की फेवरेट लिस्ट में शुमार किए जाते हैं। वह छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के करीबी हैं। पिछले महीने चुनावों से पहले अमित शाह ने कुनकुरी में एक रैली को संबोधित करते हुए संकेत दिया था कि साय को एक बड़ी भूमिका के लिए चुना जा सकता है। शाह ने कहा था कि अगर पार्टी राज्य में सत्ता में आती है, तो विष्णुदेव साय को बड़ा रोल दिया जाएगा।
विष्णुदेव साय चार बार के सांसद रहे हैं
विष्णुदेव साय चार बार के सांसद रहे हैं। वह 2020 से 2022 तक बीजेपी की छत्तीसगढ़ यूनिट के अध्यक्ष रहे। साय अपनी संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। अपनी गैर-विवादास्पद छवि के कारण राज्य में वो एक लोकप्रिय बीजेपी नेता हैं।
साय राज्य के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री हैं
भाजपा का दावा है कि विष्णुदेव साय राज्य के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री हैं। पार्टी ने हमेशा पूर्व सीएम अजीत जोगी के आदिवासी होने का खंडन किया है। उनकी अनुसूचित जनजाति की स्थिति को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। कोर्ट ने इस मुद्दे की जांच के लिए एक कमिटी बनाने का आदेश दिया है।
यह भी पढ़ें – WFI Election: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक, इस बार उठाई ये मांग…