पंजाब सरकार द्वारा 2.10 करोड़ रुपये खर्च करके सी.एच.सी. सिंघोवाल, दीनानगर का कायाकल्प किया जाएगा

पंजाब सरकार द्वारा 2.10 करोड़ रुपये खर्च करके सी.एच.सी. सिंघोवाल, दीनानगर का कायाकल्प किया जाएगा
Chandigarh : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्रांति के तहत राज्य में स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे में सुधार लगातार जारी है। इन प्रयासों के तहत पंजाब सरकार द्वारा 2.10 करोड़ रुपये खर्च करके सी.एच.सी. सिंघोवाल (दीनानगर) का कायाकल्प किया जाएगा। सी.एच.सी. सिंघोवाल की मरम्मत, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन परियोजना का नींव पत्थर आज विधायक और आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अमन शेर सिंह शैरी कलसी, पंजाब स्वास्थ्य सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन रमन बहल, विधायक डेरा बाबा नानक गुरदीप सिंह रंधावा और शमशेर सिंह द्वारा रखा गया।

पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार किए जा रहे
सी.एच.सी. सिंघोवाल (दीनानगर) की मुरम्मत, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन परियोजना का नींव पत्थर रखने के बाद उपस्थित सभा को संबोधित करते हुए विधायक अमन शेर सिंह शैरी कालसी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश भर में आम आदमी क्लीनिक शुरू करके लोगों को उनके घर के नज़दीक मुफ्त और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाईं हैं। पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘युद्ध नशों विरूद्ध’ का उल्लेख करते हुए विधायक शैरी कलसी ने कहा कि राज्य सरकार नशों का पूर्ण खात्मा करने के लिए वचनबद्ध है और इस मुहिम को फ़तेह करने के लिए लोगों को भी अपना साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब नशा तस्करों का पंजाब में कोई स्थान नहीं है और नशा तस्करों को अपने किए के नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मान सरकार नशों का अंत करके ‘रंगला पंजाब’ और खुशहाल पंजाब का सपना जरूर पूरा करेगी।

सी.एच.सी. सिंघोवाल की मरम्मत शुरू
इस मौके पर पंजाब स्वास्थ्य सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने दीनानगर वासियों की दशकों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सी.एच.सी. सिंघोवाल की मरम्मत, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन परियोजना की शुरुआत की है, जिसमें 2.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत सी.एच.सी. सिंघोवाल की इमारत की मुरम्मत पर 91.31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे जबकि 9.25 लाख रुपये पब्लिक हेल्थ पर, 26.39 लाख रुपये मेडिकल गैस पाइपलाइन पर, 70 लाख रुपये फायर फाइटिंग पर और 15.70 लाख रुपये बिजली के कामों पर खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सारी परियोजना अगले 6 महीनों में पूरा कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सी.एच.सी. के अपग्रेडेशन से दीनानगर शहर और आस-पास के 200 गांवों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लाभ मिलेगा।
चेयरमैन ने सीएम का किया धन्यवाद
चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन द्वारा सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में बुनियादी ढांचे के सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। सिंघोवाल के इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह का धन्यवाद किया।
विधायक गुरदीप सिंह रंधावा पंजाब सरकार की स्वास्थ्य क्रांति की सराहना की
इस मौके पर डेरा बाबा नानक के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने भी पंजाब सरकार की स्वास्थ्य क्रांति की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों में मरीजों का मुफ्त इलाज हो रहा है और अस्पतालों तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार करके मान सरकार ने लोगों के साथ किए अपने वादे को पूरा किया है।

इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिला शहरी प्रधान शमशेर सिंह दीनानगर ने सिंघोवाल सी.एच.सी. की मरम्मत, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सी.एच.सी. सिंघोवाल दीनानगर शहर और आस-पास के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देती है पर पिछली सरकारों द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पार्टियों की सरकारों द्वारा अनदेखा किये इस सी.एच.सी. की आखिरकार सुध आम आदमी पार्टी की सरकार ने ली है। उन्होंने कहा कि आज सी.एच.सी. सिंघोवाल की मरम्मत, नवीनीकरण और अपग्रेडेशन परियोजना का नींव पत्थर रख दिया गया है और अगले 6 महीने में इस सी.एच.सी. का पूरी तरह कायाकल्प हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार द्वारा इस स्वास्थ्य संस्थान की सुध लेने पर इलाके के लोगों को बहुत बड़ी राहत मिली है।
कौन-कौन लोग उपस्थित थे?
इस मौके पर एस.डी.एम. दीनानगर जसपिंदर सिंह भूल्लर, आई.ए.एस., सिविल सर्जन डॉ. भारत भूषण, सरपंच गुरनाम सिंह सिंघोवाल, सुच्चा सिंह मुल्तानी, गुरजीव सिंह सरपंच बब्बरी, रंजीत सिंह ब्लॉक प्रधान, तलविंदर सिंह, सुखवंत राज, एस.एम.ओ. डॉ. सुशील, मेडिकल अफ़सर डॉ. मोहित, डॉ. इंदरजीत राणा समेत इलाके के गणमान्य जन उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें : आज से शुरू हो रहा IPL 2025 का महाकुंभ, KKR और RCB के बीच खेला जाएगा पहला मुकाबला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप