Weather News : देश के कई राज्यों में लगातार बारिश के कारण हालात बिगड़ने लगे हैं। बिहार, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाके प्रभावित हुए हैं, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
बिहार में 13 जिले बाढ़ की चपेट में
बिहार में पिछले दो दिनों से कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से करीब 2 फीट ऊपर बह रही है। राज्य के 13 जिले बाढ़ प्रभावित हैं, जबकि कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
वाराणसी में बढ़ा बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में वरुणा नदी के किनारे रहने वाले 407 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक करीब 2,910 लोगों को विस्थापित किया जा चुका है। राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन ने 36 नावें तैनात की हैं। बाढ़ की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के जिलाधिकारी और मेयर से जानकारी ली।
हिमाचल में लैंडस्लाइड से सड़कें प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में भूस्खलन हुआ है। राज्य में 175 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। कालका-शिमला फोरलेन पर भारी मात्रा में मलबा गिरने से कई वाहन रातभर फंसे रहे। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज कर दिया है।
पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का यलो अलर्ट
पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ में भी बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









