गहलोत सरकार का बड़ा फैसला, अब पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी मिलेंगे रिटायरमेंट बेनिफिट्स

Rajasthan: राजस्थान सरकार ने पार्ट टाइम कर्मचारियों को भी सेवानिवृत्ति परिलाभ देने और जयपुर में पहला ‘जेम बोर्स’ स्थापित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही जीव जन्तु कल्याण बोर्ड का नाम अमृता देवी के नाम पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास पर राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उक्त फैसले किए गए। बैठक के बाद जारी बयान के अनुसार मंत्रिमंडल ने ‘राजस्थान पार्ट टाइम कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग रूल्स-2023’ के प्रारूप का अनुमोदन किया है। इसमें अंशकालिक कार्मिकों को सेवा समाप्ति पर 2 से 3 लाख रुपये तक का आर्थिक सहायता पैकेज मिलेगा। ये परिलाभ विभागों में कार्यरत अंशकालिक कार्मिकों को सेवा समाप्ति, मृत्यु एवं रिटायरमेंट पर दिए जाएंगे।
बैठक में लिए गए ये फैसले
- राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड का नाम अब ‘अमृता देवी राज्य जीव जन्तु कल्याण बोर्ड’ होगा। मंत्रिमंडल ने अमृता बिश्नोई द्वारा जीव जन्तु व वन रक्षार्थ दिए बलिदान व जीवों के प्रति समर्पण भाव को आमजन तक पहुंचाने के लिए बोर्ड के नाम में संशोधन का निर्णय किया है।
- मंत्रिमंडल ने नेत्रहीन विकास संस्थान द्वारा संचालित प्रज्ञा चक्षु उच्च प्राथमिक विद्यालय, फलौदी को निःशुल्क भूमि आवंटन का फैसला किया है।
- मंत्रिमंडल ने राजस्थान सिविल सेवा (महिला विकास परियोजना में परियोजना निदेशकों, परियोजना अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों का विशेष चयन एवं सेवा की विशेष शर्तें) नियम, 1984 के अंतर्गत चयनित/नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति तिथि से नियमित किए जाने का निर्णय लिया है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: दो वाहनों के भिड़ंत की चपेट में आई स्कूटी, पति-पत्नी व साली समेत 4 लोगों की मौत