Bihar: विधानसभा में संस्कारों की झलक और हास्य-विनोद

Beautiful moments of Bihar Vidhansabha
Beautiful moments of Bihar Vidhansabha: बिहार विधानसभा में गुरुवार को राजनीति और संस्कारों का संगम देखने को मिला। सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुने गए बीजेपी के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव सीएम नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हाथ पकड़कर आसन तक ले गए। वहीं एक शानदार नजारे ने लोगों के दिल को छू लिया वो यह कि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनके चरण स्पर्श किए। इस हृदय स्पर्शी नजारे का वीडियो पर सोशल मीडिया पर वायरल है।
सीएम नीतीश और तेजस्वी से किया हास्य-विनोद
नंद किशोर यादव के अध्यक्ष चुने जाने पर सदन के लोगों ने उन्हें बधाई दी तो वहीं सत्ता पक्ष के विधायकों ने जय श्रीराम के भी नारे लगाए। इस दौरान हल्का हंसी मजाक भी देखने को मिला। जब सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव नंद किशोर यादव को लेकर आसन तक गए तो उन्होंने पूछा क्या पकड़कर बैठाइएगा। इस पर तीनों मुस्करा दिए।
उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने पढ़ी सूचना
नंद किशोर यादव के निर्वाचन से पहले विधानसभा उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने सदन में सूचना पढ़ते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सदन का नेता व तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया।
15 प्रस्तावकों के नाम बताए
विधानसभा अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने 15 प्रस्तावकों की सूचना पढ़ी। प्रस्ताव देने वालों में विजय कुमार चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जनक सिंह, रामप्रीत पासवान, विनोद नारायण झा, कृष्ण कुमार ऋषि, प्रमोद कुमार, संजय सरावगी, श्यामबाबू प्रसाद यादव, अनिल कुमार, सुनील मणि तिवारी, संजीव चौरसिया, सुमित कुमार सिंह, प्रफुल्ल कुमार मांझी व प्रेम कुमार रहे।
अनुमोदनकर्ताओं की भी घोषणा
वहीं प्रस्ताव के अनुमोदनकर्ता श्रवण कुमार, हरिभूषण ठाकुर बचौल, पवन कुमार जायसवाल, अशोक कुमार सिंह, राणा रंधीर, पवन कुमार यादव, राम सिंह, अरुण शंकर प्रसाद, जयप्रकाश यादव, प्रणव कुमार, कृष्णनंदन पासवान, ज्ञानेंद्र सिंह, रामसूरत कुमार, रामचंद्र प्रसाद व रामनारायण मंडल रहे।
किसी ने नहीं किया विरोध
इसके बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने के लिए हां और न कहने को कहा। इसपर सत्ता पक्ष ने एक स्वर में हां कहा। वहीं विपक्ष की ओर से न पर कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद नंद किशोर यादव को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया गया।
सीएम ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को भी किया नमन
परंपरानुसार सीएम नीतीश और तेजस्वी उन्हें आसन तक ले गए। इसके बाद नंद किशोर यादव ने विधिवत रूप से पद को संभाला। उन्हें बधाई दी गई। विधानसभा अध्यक्ष ने सबसे पहले नीतीश कुमार को संबोधन के लिए कहा। इस दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें बधाई दी और आगे की बैंच पर बैठे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी को भी नमन किया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से निवेदन किया कि आप सर्वसम्मति से अध्यक्ष बने हैं।सभी की बात सुनिएगा।

तेजस्वी बोले… करेंगे पूरा सहयोग
वहीं तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सदन को चलाने में भरपूर सहयोग करेंगे। वहीं उन्होंने लालू प्रसाद यादव और बिहार के लोगों की ओर से उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उम्मीद करते हैं कि आप निष्पक्ष रूप से सदन चलाएंगे। विपक्ष जनता के सवालों को उठाएगा। जमीनी हकीकत की बात होगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखाया गया कि लालू प्रसाद यादव भी सपरिवार नंद किशोर यादव को बधाई देने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: Bihar: सीएम नीतीश ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों, सहायक प्राध्यापकों एवं व्याख्याताओं को दिए नियुक्ति पत्र
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए।”