Delhi Weather : दिल्ली-NCR में मंगलवार की बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ली है. कई इलाकों में हुई मध्यम से तेज बारिश ने पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दी. हालांकि, मौसम विभाग ने बुधवार को भी राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली चमकने की भी संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार 2 सितंबर को दिल्ली में आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रहेगा. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर बारिश तेज होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और आंधी भी परेशानी बढ़ा सकती है. शाम के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने बुधवार को न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान लगाया है. दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
मंगलवार को 36 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था. अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था. गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और नोएडा में 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
IMD ने भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है. पिछले 24 घंटों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 से 28 और अधिकतम 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान अधिकतम नमी 83 प्रतिशत और न्यूनतम 54 प्रतिशत दर्ज की गई.
ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






