Jammu Kashmir News : जम्मू-कश्मीर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले अवैध मांस कारोबार के खिलाफ रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. बडगाम रेलवे स्टेशन पर शनिवार को पुलिस ने सड़े हुए मांस के 44 बक्से जब्त किए हैं. जांच में मांस इंसानों के खाने लायक नहीं पाया गया. इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, मांस को श्रीनगर की एक फैक्ट्री तक पहुंचाया जाना था. पुलिस अब इस पूरे कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है.
रेलवे पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर बेनजीर इकबाल के मुताबिक, ट्रेन सुबह करीब 10:30 बजे बडगाम रेलवे स्टेशन पहुंची थी. दोपहर लगभग 12:30 बजे जब ट्रेन की सील खोली जा रही थी, उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पार्सल में सड़ा हुआ मांस लाया गया है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कंपनी का मालिक पहले ही सील खोल चुका था. जांच के दौरान 44 बक्से मिले, जिनमें मांस भरा हुआ था. सभी बक्से खुले थे और मांस से तेज बदबू आ रही थी.
डॉक्टरों ने खाने के लायक नहीं बताया मांस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मौके पर बुलाया. बडगाम के तहसीलदार और एक पशु चिकित्सक ने भी जांच में हिस्सा लिया. पशु चिकित्सक ने मांस की स्थिति देखकर पुष्टि की कि वह इंसानों के खाने योग्य नहीं है. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मांस को नष्ट कर दिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है और अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
श्रीनगर की फैक्ट्री में पहुंचाया जाना था मांस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जब्त किया गया मांस श्रीनगर के नौगाम बाईपास इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में पहुंचाया जाना था. मांस की खेप संभालने वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है.
रेलवे पुलिस के अनुसार, पार्सल ट्रेनों के जरिए मांस जैसी जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं की ढुलाई पर निगरानी बढ़ाई जाएगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि इस तरह की किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









