Delhi NCRमौसम

दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई इलाकों में बारिश की संभावना, प्रदूषण से मिलेगी राहत

Delhi NCR Weather : दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. राजधानी के ज्यादातर इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है. सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. इस बीच मौसम में बदलाव की संभावना ने लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार यानी 15 नवंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इससे हवा में मौजूद प्रदूषण के कण नीचे बैठ सकते हैं और वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है. इसका प्रभाव दिल्ली-NCR के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है. इसके चलते कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. हालांकि, बारिश से प्रदूषण में होने वाला सुधार बहुत लंबे समय तक रहने की उम्मीद नहीं है. यह राहत कुछ समय के लिए ही हो सकती है.

17 इलाकों में AQI 400 के पार

दिल्ली में शनिवार से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. रविवार सुबह भी कई जगह बादल छाए नजर आए. शनिवार को राजधानी के 17 इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है. आज बारिश कितनी राहत देगी, यह उसकी मात्रा और हवा की रफ्तार पर निर्भर करेगा.

दिल्ली-NCR में बढ़ती नमी और खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ आंखों में जलन की शिकायत हो रही है. सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए स्थिति ज्यादा चिंताजनक है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को खराब मौसम में घर के अंदर रहने और बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है. फिलहाल लोगों को बारिश से मिलने वाली संभावित राहत का इंतजार है.

ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले में पांच दिन की न्यायिक हिरासत भेजे गए सौरव दास और रांका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button