Jammu Kashmir News : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर स्थिति सामने आई है. किश्तवाड़ जिले में बुधवार से लापता चल रहे दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए. दोनों के शव डच्छन इलाके के धेरना जंगलों में मिले हैं. अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है. दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं. हालांकि, घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है.
दोनों SPO बुधवार दोपहर से लापता थे. उनकी तलाश में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. काफी तलाश के बाद गुरुवार सुबह जंगल में उनके शव मिले.मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक SPO के सिर और दूसरे की पीठ पर गोली लगी थी. बताया जा रहा है कि लापता होने के समय दोनों के पास हथियार थे, लेकिन शवों के पास या घटनास्थल से वे हथियार नहीं मिले. फिलहाल हत्या के पीछे किसका हाथ है और वारदात को कैसे अंजाम दिया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
कुलगाम में CRPF की टीम पर आतंकी हमला
इस बीच दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF की चौकी पर हुए हमले के बाद भी आतंकियों की तलाश जारी है. बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मीर बाजार के पास हथियारबंद हमलावरों ने गोलीबारी की थी. अधिकारियों के मुताबिक, जंगल की ओर से आए दो आतंकवादी हमला करने के बाद फरार हो गए. इस घटना में CRPF के तीन जवान घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है.
हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. करीब 20 घंटे बीतने के बावजूद हमलावरों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का हाथ होने की आशंका जताई है. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फिलहाल सुरक्षाबल दोनों घटनाओं से जुड़े मामलों की जांच और आतंकियों की तलाश में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें- Milk Price Hike : दिल्ली-NCR में महंगा हुआ दूध, 12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, जानिए नए रेट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









