Bhai Dooj 2026 : भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का त्योहार आज, 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जा रहा है. दीपावली के बाद आने वाला यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और अपनापन बढ़ाने का खास अवसर होता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. वहीं भाई अपनी बहनों की रक्षा और हर परिस्थिति में उनका साथ देने का संकल्प लेते हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों में इस पर्व को भाऊ बीज और भात्र द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है. कुछ स्थानों पर भाई दूज के अवसर पर भगवान चित्रगुप्त की पूजा करने की भी परंपरा है.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज मनाने की परंपरा का संबंध भगवान यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा है. पौराणिक कथा के मुताबिक, इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने उनके घर पहुंचे थे. यमुना ने उनका स्वागत किया और माथे पर तिलक लगाकर भोजन कराया. बहन के इस स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया. मान्यता है कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर तिलक करवाता है, उसे यमराज का भय नहीं रहता. यह भी कहा जाता है कि भाई-बहन के एक साथ यमुना नदी में स्नान करने से उनकी आयु और सौभाग्य में वृद्धि होती है.
भाई दूज 2026 पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, इस साल भाई दूज की तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी. वहीं भाई को तिलक लगाने का शुभ समय आज दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक निर्धारित है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी अवधि में बहनें अपने भाइयों का तिलक कर सकती हैं.
इस तरह करें भाई दूज की पूजा
भाई दूज के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें. इसके बाद घर के पूजा स्थल पर पंचोपचार विधि से देवी-देवताओं की पूजा करें. फिर एक थाली में हल्दी, कुमकुम, अक्षत, दीपक, मिठाई, कलावा और गोला रखें. पूजा के बाद इस थाली को भगवान के सामने अर्पित करें.
रिश्तों में बढ़ता है प्रेम और विश्वास
शुभ मुहूर्त में भाई को चौकी पर बैठाएं और उनके सिर को रुमाल या कपड़े से ढंक दें. इसके बाद हल्दी, कुमकुम और अक्षत से उनके माथे पर तिलक लगाएं. भाई की कलाई पर कलावा बांधकर आरती उतारें और मिठाई खिलाएं. इसके बाद भाई अपनी बहन को उपहार देकर आशीर्वाद और स्नेह प्रकट करें.
इस दिन बहनों के हाथों से बने पकवान खिलाने की भी परंपरा है. यदि भाई-बहन एक ही घर में रहते हैं, तो दोनों को दोपहर में साथ भोजन करना चाहिए. वहीं, विवाहित बहन से मिलने के लिए भाई उसके ससुराल जाकर भी यह पर्व मना सकते हैं. इस तरह भाई दूज का त्योहार प्रेम, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का संदेश देता है.
ये भी पढ़ें- पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95% कमी, अमन अरोड़ा ने BJP को घेरा, कहा- 20 मिनट में दिल्ली कैसे पहुंचता है धुआं?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









