Uttar Pradesh

कन्नौज में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार 3 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

Road Accident News : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में देर रात तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार चार लोगों को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने तीनों शवों को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह हादसा इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास हुआ. तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अगौस गांव निवासी मनीष कुमार वेद प्रकाश विजय और आशीष एक ही बाइक पर सवार होकर इंदरगढ़ की ओर जा रहे थे.

बताया जा रहा है कि सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास सामने से रॉन्ग साइड में आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

तीन लोगों की मौके पर हुई मौत

हादसे में विजय, वेद प्रकाश और मनीष कुमार की मौके पर ही मौत गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर के बाद थार चालक गाड़ी घुमाकर मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की मदद से घायल युवक और तीनों शवों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आशीष को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

मृतकों के परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. अपनों के शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं, मौके पर किसी जनप्रतिनिधि और बड़े अधिकारी के नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी भी देखने को मिली.

फिलहाल, पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार थार चालक और उसमें सवार लोगों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button