US Sanctions On Iran : अमेरिका ने ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए भारत से जुड़े एक ऐसे नेटवर्क को निशाने पर लिया है, जिस पर प्रतिबंधों से बचाकर ईरानी तेल का कारोबार कराने का आरोप है. इस कार्रवाई में चंडीगढ़ के एक दंपत्ति समेत चार भारतीय नागरिकों और भारत से जुड़ी नौ इकाइयों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. अमेरिकी वित्त विभाग का आरोप है कि यह नेटवर्क फर्जी समुद्री दस्तावेजों के जरिए ईरान के तेल निर्यात में मदद कर रहा था.
बुधवार को अमेरिकी वित्त विभाग ने सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की. आरोप है कि दोनों ऐसा नेटवर्क संचालित कर रहे थे, जो ईरानी पेट्रोलियम ले जाने वाले जहाजों को फर्जी पंजीकरण और प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराता था. इसके जरिए जहाजों की असली पहचान और मालिकाना हक छिपाकर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचने की कोशिश की जाती थी.
तुर्की की कंपनी पर भी की गई कार्रवाई
इस कार्रवाई की जद में दो अन्य भारतीय नागरिक अश्वनी कुमार धीमान और ईश्वरविंदर सिंह भी आए हैं. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों दंपत्ति से जुड़ी कंपनियों में निदेशक के रूप में शामिल थे. इसके अलावा तुर्की की कंपनी फ्यूगो ग्राउंड सर्विसेज इंक पर भी कार्रवाई की गई है. उस पर छह प्रतिबंधित ईरानी एयरलाइनों को ग्राउंड-हैंडलिंग और दूसरी सेवाएं देने का आरोप है.
अमेरिका का दावा है कि यह नेटवर्क ईरान के तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’ को संचालित करने में मदद कर रहा था. इस बेड़े के जहाजों के जरिए तेल की ढुलाई के दौरान उनकी पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाता था. अमेरिकी पक्ष के अनुसार, कुछ जहाज ईरानी सेना और उससे जुड़े समूहों के लिए भी काम करते थे.
ईरान की आर्थिक क्षमता सीमित करना है उद्देश्य
यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ का हिस्सा बताई गई है. इसका मकसद ईरान की तेल से होने वाली कमाई पर रोक लगाना और उसकी आर्थिक क्षमता को सीमित करना है.
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने चेतावनी दी है कि ईरानी शासन का समर्थन करने वाले लोगों और कंपनियों पर जमीन, समुद्र और हवाई रास्ते से कार्रवाई जारी रहेगी. हालांकि, प्रतिबंधों से जुड़े आरोप अमेरिकी प्रशासन के हैं.
ये भी पढ़ें- दीपोत्सव-2026 में दिखेगा लोक संस्कृति का महाकुंभ, देशभर के कलाकारों का होगा जमावड़ा, रामनगरी की रौनक में चार चांद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









