Uttar Pradesh

योगी सरकार की बड़ी पहल, 1.32 लाख स्कूलों में चलेगा पर्यावरण जागरूकता अभियान

UP Schools : योगी सरकार प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। 1 से 7 नवंबर तक मनाए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत 1.32 लाख से अधिक विद्यालयों के 1.42 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को ऊर्जा, जल संरक्षण, प्लास्टिक और ई-कचरा प्रबंधन सहित सात विषयों पर जागरूक किया जा रहा है।

UP Schools : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश के लगभग 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स (BRICS) सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

मिशन लाइफ के सात विषयों पर आधारित इस सप्ताह में प्रदेश के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 1.42 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने घर-समुदाय तक टिकाऊ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में इको क्लबों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सप्ताह की गतिविधियों की जानकारी और आवश्यक सूचना-शिक्षा-संचार सामग्री निर्धारित पोर्टल ecoclubs.education.gov.in से प्राप्त करने की व्यवस्था है।

सात दिन, सात विषय और व्यवहार में बदलाव का संकल्प

सप्ताह के प्रत्येक दिन एक विषय पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, 2 नवंबर को ऊर्जा बचाने और 3 नवंबर को जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों पर केंद्रित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को टिकाऊ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया।

अब 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी, 6 नवंबर को ई-कचरा कम करने और 7 नवंबर को कचरा कम करने पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराया जाएगा।

विद्यालयों में गतिविधियों से जागरूकता

योगी सरकार के नेतृत्व में विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में मिशन लाइफ की शपथ, पोस्टर निर्माण, रचनात्मक गतिविधियां, कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा सकते हैं।

विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक के विकल्पों, कचरे के पृथक्करण तथा पुनः उपयोग जैसे विषयों पर संदेश प्रसारित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन आदतों को विद्यालय तक सीमित न रखकर अपने घर और आसपास भी अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ का कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला, बोले- नेतृत्व में न क्लैरिटी, न कैपेसिटी!

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button