Delhi Factory Fire : दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घायलों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया. पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया.
चार मंजिल तक फैला धुआं
दमकल अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. दमकल टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को बेसमेंट में ही काबू कर लिया, लेकिन उसका धुआं ऊपर की चार मंजिलों तक फैल गया. इसके चलते बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं. तीसरी और चौथी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सभी बेहोश लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार लोगों की मौत की सूचना है.
फैक्ट्री मालिक से होगी पूछताछ
डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है. फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाया गया है. ठेकेदार और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. अभी यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि घटना के समय फैक्ट्री में कितने मजदूर मौजूद थे.
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं. आग पर काबू पाने के बाद फैक्ट्री में तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है. हादसे के बाद देर रात तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
ये भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर योगी सरकार का तोहफा, 12 दिन तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, त्योहारों पर घर पहुंचना होगा आसान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









