Punjab

गैंगस्टरों पर वार का 281वां दिन: पंजाब पुलिस की 587 स्थानों पर छापेमारी, 235 पकड़े गए

Punjab News : पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 281वें दिन राज्यभर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिह्नित 587 ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस ने पांच हथियारों के साथ 235 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि नौ भगोड़े अपराधियों को भी पकड़ा गया.

पंजाब पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टरों के खिलाफ यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव की ओर से शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाना है. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें इस अभियान को आगे बढ़ा रही हैं.

पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या 81,311 हो गई है. इसके अलावा, 209 लोगों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई भी की गई है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय जानकारी एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर साझा करें.

नशा तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज

पंजाब में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 606वें दिन भी पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी. इस दौरान 147 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया. उनके कब्जे से 20.2 किलोग्राम हेरोइन, 565 नशीली गोलियां और 6,550 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. पुलिस के अनुसार, नशा विरोधी अभियान के तहत पिछले 606 दिनों में गिरफ्तार किए गए तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 88,979 हो गई है.

गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ इन कार्रवाइयों के जरिए पंजाब पुलिस संगठित अपराध और नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें- भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को UAE का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर दी बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button