मौसम

दिल्ली-NCR में तड़के सुबह से बूंदाबांदी ने बदला मौसम का मिजाज, चक्रवात अर्नब का असर

Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली. गरज-चमक के साथ हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया है. चक्रवात अर्नब और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी में बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में तापमान गिर सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ठंड का एहसास भी बढ़ सकता है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार, 29 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह से पूर्वाह्न तक कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ यह 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. दोपहर और शाम के समय भी बारिश की संभावना जताई गई है.

बारिश से दिल्ली के प्रदूषण में राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी मौसम में बदलाव जारी रह सकता है.

मौसम का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है. बुधवार, 28 अक्टूबर को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 229 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है. बारिश और तेज हवाओं से प्रदूषण के स्तर में सुधार की उम्मीद है, हालांकि वास्तविक राहत मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगी.

बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अयानगर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

ये भी पढ़ें- भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को UAE का बड़ा सम्मान, राष्ट्रपति ने गले लगाकर दी बधाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button