Saudi Airport Attack : सऊदी अरब में एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर हमलों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. देश के पूर्वी हिस्से में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार देर रात हुए हमले में एक सऊदी नागरिक की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए. हमले में एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा है. सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने गुरुवार सुबह इसकी जानकारी दी. लगातार हो रहे ड्रोन हमलों के बीच हवाई यातायात और तेल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी अहम मुद्दा बन गई है.
दम्माम में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट फारस की खाड़ी के पास है. इसकी भौगोलिक स्थिति बहरीन और कतर के करीब होने के कारण यह क्षेत्रीय हवाई यातायात के लिहाज से महत्वपूर्ण है. वैश्विक फ्लाइट ट्रैकिंग सेवा Flightradar24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हमले के बाद रात में कई उड़ानों के रास्ते बदलने पड़े. सऊदी गठबंधन के मुताबिक, देश के पूर्वी क्षेत्र में ड्रोन के चार हमलों को रोककर नाकाम किया गया. हालांकि, ताजा एयरपोर्ट हमले की जिम्मेदारी ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने नहीं ली है.
शायबह तेल क्षेत्र में वाहन में लगी आग
एयरपोर्ट पर हमले से पहले दक्षिण-पूर्वी सऊदी अरब में सऊदी अरामको के शायबह तेल क्षेत्र को निशाना बनाने वाले ड्रोन को हवाई रक्षा प्रणाली ने रोक दिया था. इसके बाद गिरे मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में नेपाल और फिलीपींस के नागरिक शामिल थे, जबकि घायलों में पाकिस्तान और भारत के नागरिक थे.
मलबा गिरने से तेल क्षेत्र में काम करने वाले एक ठेकेदार के वाहन में आग लग गई. हालांकि, मंत्रालय ने बताया कि इस घटना से तेल क्षेत्र का संचालन प्रभावित नहीं हुआ.
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
सऊदी अरब में हाल के दिनों में हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं. पिछले महीने इंटरसेप्ट किए गए हूती ड्रोन का मलबा गिरने से एक यमनी नागरिक की मौत हुई थी. वहीं, इसी महीने अरामको की एक प्रशासनिक इमारत में भी सीमित स्तर पर आग लगने की घटना हुई थी.
ताजा घटनाओं ने सऊदी अरब के नागरिक ठिकानों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. हालांकि, किंग फहद एयरपोर्ट पर हुए ताजा हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- दलेर मेहंदी विवाद में राजपाल यादव की एंट्री, मंत्री सुबोध उनियाल को सुनाई खरी-खरी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









