Rajasthan Weather : राजस्थान में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। उदयपुर में दोपहर के समय करीब 15 मिनट तक बारिश हुई, जबकि राजसमंद जिले के आमेट में बारिश के साथ ओले भी गिरे। राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में लगातार तीसरे दिन बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के चलते कई इलाकों में तापमान नीचे आया है और सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सात जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आमेट में बारिश के साथ गिरे ओले, मक्के की फसल भीगी
राजसमंद जिले के आमेट में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बारिश शुरू हुई। लगभग 20 मिनट तक हुई बरसात के दौरान ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। इससे खेतों में काटकर रखी गई मक्के की फसल भीग गई। किसानों को फसल के नुकसान की चिंता सता रही है।
सवाई माधोपुर में नदी-नालों में बहने लगा पानी
पिछले 24 घंटों के दौरान सवाई माधोपुर, राजसमंद, सिरोही, पाली और टोंक सहित कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। सवाई माधोपुर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। खंडार क्षेत्र में लगातार बरसात के कारण बरसाती नदी-नालों में पानी बहने लगा। दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश के चलते सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है।
पश्चिमी राजस्थान में बढ़ा तापमान
एक ओर राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं पश्चिमी राजस्थान में बारिश का दौर थमने के बाद गर्मी बढ़ने लगी है। सोमवार को बाड़मेर, पिलानी, हनुमानगढ़, जैसलमेर और चूरू में अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा। बाड़मेर में सबसे अधिक गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अरब सागर से आ रही नमी से बन रहे बारिश के हालात
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अरब सागर से लगातार आ रही हवाओं के साथ वातावरण में नमी पहुंच रही है। इसी वजह से राज्य में गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि जैसी मौसमी गतिविधियां हो रही हैं। मंगलवार को भी इन गतिविधियों के जारी रहने की संभावना जताई गई है।
24 अक्टूबर से सक्रिय हो सकता है नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आने वाले दिनों के दौरान मौसम की स्थिति पर नजर बनी रहेगी।
ये भी पढ़ें- मोहन भागवत ने फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार का क्यों किया जिक्र? बताया हिंदू संस्कारों का महत्व
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









