Uttar Pradesh

UP चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारी तेज, प्रियंका गांधी ने संभाली कमान, सपा से सीट बंटवारे पर चर्चा जारी

UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस ने गठबंधन की बातचीत के लिए अपनी तैयारियां बढ़ा दी हैं और इस प्रक्रिया में प्रियंका गांधी वाड्रा की भूमिका अहम मानी जा रही है. पार्टी नेताओं के साथ बैठकों के जरिए उन विधानसभा क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां कांग्रेस अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है.

सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की. इस दौरान संभावित सीटों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई. रिपोर्टों के अनुसार, कांग्रेस ने सीटों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर अपनी रणनीति तैयार की है, ताकि गठबंधन की बातचीत में उन क्षेत्रों पर जोर दिया जा सके जहां पार्टी की स्थिति मजबूत है.

सपा के साथ सीट बंटवारे पर होगी चर्चा

कांग्रेस पहले ही उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुकी है. हालांकि, गठबंधन में अंतिम रूप से कितनी सीटें कांग्रेस को मिलेंगी, यह अभी तय नहीं हुआ है. पार्टी की ओर से समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत के लिए टीम गठित किए जाने की तैयारी है. दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर औपचारिक चर्चा के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी.

गठबंधन के फॉर्मूले पर नजर

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सीट बंटवारे में जीत की संभावना को अहम आधार बता चुके हैं. उनका कहना है कि गठबंधन में उसी उम्मीदवार या दल को प्राथमिकता मिलनी चाहिए, जिसकी संबंधित सीट पर जीतने की संभावना अधिक हो. ऐसे में कांग्रेस की सीटों की मांग और सपा के इस रुख के बीच सहमति बनाना दोनों दलों के लिए अहम चुनौती होगी.

फिलहाल दोनों दलों की बातचीत और सीटों के आकलन पर नजर है. गठबंधन का अंतिम फॉर्मूला सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि आगामी चुनाव में कौन-सी पार्टी कितनी सीटों पर मैदान में उतरेगी.

ये भी पढ़ें – पेरिस में CM भगवंत मान ने लॉन्च किए ‘सोहणा’ ब्रांड के दो नए उत्पाद, पंजाब के खाद्य निर्यात को मिलेगा बढ़ावा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button