राष्ट्रीय

सऊदी अरब में बढ़ी सुरक्षा, बंकरों वाले महलों में शिफ्ट हो रहे प्रिंस, हूती हमलों के बीच जंग के 5 बड़े अपडेट

Saudi Arabia News : यमन के हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के बीच सऊदी अरब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 41 वर्षीय क्राउन प्रिंस पिछले करीब एक सप्ताह से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. बताया जा रहा है कि सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए उन्हें बंकरों की सुविधा वाले कड़ी सुरक्षा से लैस महलों के बीच स्थानांतरित किया जा रहा है. हालांकि, उनकी मौजूदा लोकेशन को लेकर स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह सुरक्षा व्यवस्था की गई है. क्राउन प्रिंस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से चुनी गई टीम भी तैनात की गई है. इस बीच, हूती विद्रोहियों की ओर से आगे भी हमले किए जाने की चेतावनी दी गई है.

मिसाइल-ड्रोन की जानकारी पर सख्ती

सऊदी अरब ने मिसाइल और ड्रोन से संबंधित जानकारी साझा करने को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है. छह भाषाओं में जारी संदेश में कहा गया है कि मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई या उनके गिरने वाली जगहों की तस्वीरें और वीडियो बनाकर साझा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. नियमों का उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तारी का भी सामना करना पड़ सकता है.

अलर्ट सिस्टम पर भी उठे सवाल

सऊदी अरब ने मई में नेशनल अर्ली वॉर्निंग सिस्टम के जरिए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर खतरे से जुड़े अलर्ट भेजने शुरू किए थे. हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह हूती हमलों में तेजी के बावजूद इस सिस्टम से कोई अलर्ट जारी नहीं हुआ. सिविल डिफेंस अथॉरिटी के एक्स अकाउंट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हमलों से पहले आखिरी अलर्ट 29 सितंबर को दक्षिणी प्रांत नज्रान के लिए जारी किया गया था.

अथॉरिटी ने लोगों को हमलों और मिसाइल इंटरसेप्शन से जुड़ी तस्वीरें, अफवाहें या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की हिदायत दी है. वहीं, सोमवार को खराब मौसम, बारिश और बाढ़ जैसी स्थितियों को लेकर भी सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया गया.

ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button