Delhi Weather Update : दिल्ली-NCR में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. तेज हवाओं, गरजते बादलों और बिजली की चमक के बीच हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में सुबह होते ही जलभराव की स्थिति बन गई. दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी बारिश का असर देखने को मिला है.
रविवार रात से ही दिल्ली-NCR में ठंडी हवाएं चलने लगी थीं. कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी भी देखने को मिली. इसके बाद देर रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला सुबह तक जारी रहा. लगातार बरसात के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है. अक्टूबर में इस तरह की बारिश ने लोगों को पुराने दिनों जैसी ठंडक का अहसास कराया है.
IMD ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में बारिश को लेकर पहले ही चेतावनी जारी की थी. बारिश के बीच लोगों के मोबाइल फोन पर भी अलर्ट भेजे गए और सावधानी बरतने की अपील की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन घंटों के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है.
श्रद्धालुओं की बढ़ेगी परेशानी
शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन झंडेवालान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव होने से भक्तों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है.
फिलहाल, बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, लगातार बारिश से जलभराव और आवागमन की समस्या कितनी बढ़ेगी, यह आने वाले घंटों में साफ होगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने CJP के आरोपों पर जारी किया वीडियो, बताया अभिजीत दिपके को क्यों नहीं दी परमिशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









