CJP Press Conference : कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका रिहा होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी जैसा डरपोक और कायर प्रधानमंत्री नहीं देखा। रांका ने आरोप लगाया कि पिछले 72 घंटों में देश ने तानाशाही का नंगा नाच देखा और देशभर से हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया।
आशुतोष रांका ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह पर पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों को हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के कारण हालात इतने खराब हो गए कि नेताओं को फ्लाइट से हिरासत में लेकर जाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों को रद्द किए जाने से लाखों लोगों को परेशानी हुई।
रांका ने 1975 की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले 72 घंटों में जो हालात बने, वे बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुरू हुई लड़ाई अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ हो गई है।
ज्ञानेश कुमार को बचाने का लगाया आरोप
रांका ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ज्ञानेश कुमार को बचाना चाहते हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को केंद्र सरकार के दबाव में काम करने वाला बताते हुए उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर सवाल उठाना लोकतंत्र से जुड़ा मुद्दा है।
अभिजीत की दादी की मौत का भी किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष रांका ने अभिजीत दिपके की दादी की मौत का जिक्र करते हुए दिल्ली पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत को परिवार से बात करने में परेशानी हुई, जबकि वह अपने माता-पिता की चिंता को लेकर पुलिस से अनुरोध कर रहे थे। रांका ने कहा कि रिहाई के बाद अभिजीत अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव रवाना हो गए।
अंत में रांका ने कहा कि उनकी लड़ाई अभी शुरू हुई है। उन्होंने अभिजीत के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
ये भी पढ़ें- योगी सरकार ने बाढ़ से 25.59 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की, किसानों को मिली राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









