Delhi NCR

CJP प्रोटेस्ट से पहले सख्ती, ट्रेनें रद्द, 45 मेट्रो स्टेशन बंद, दीपके बोले- प्रदर्शन होगा

CJP Protest Delhi : दिल्ली में आज CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है और कई इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी, लेफ्ट और ममता बनर्जी की पार्टी का समर्थन मिलने की बात कही गई है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है. ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थक जंतर-मंतर तक पहुंच पाते हैं या नहीं.

CJP ने SIR को रद्द करने, कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने की जवाबदेही तय करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया है. समर्थकों से सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की गई है. अभिजीत दीपके अपने सहयोगियों सौरभ दास, आशुतोष रांका और अन्य समर्थकों के साथ सुबह 9:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से जंतर-मंतर जाने की कोशिश की जाएगी.

दीपके ने कहा है कि उन्हें जहां रोका जाएगा, वही जंतर-मंतर होगा, उन्होंने जेल जाने के लिए भी तैयार रहने की बात कही है. सुबह एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि जिंदगी जीने के दो तरीके हैं, जो हो रहा है, उसे बर्दाश्त करते रहना या जिम्मेदारी उठाकर उसे बदलने की कोशिश करना.

बैरिकेडिंग, मेट्रो और ट्रेनों पर असर

प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 23 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. जनपथ, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर रोड पर तीन से चार स्तर की बैरिकेडिंग की गई है. संसद मार्ग की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा बंद है और पैदल आने-जाने वालों को भी वापस भेजा जा रहा है. पुलिसकर्मियों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं. जंतर-मंतर पर केवल मीडिया को प्रवेश की अनुमति दी गई है.

इसके अलावा, दोपहर दो बजे तक 75 ट्रेनों के रद्द होने और 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश-निकास बंद किए जाने की जानकारी दी गई है. शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश है. दिल्ली में 10 डिटेंशन सेंटर बनाए गए हैं और नई दिल्ली जिले में जंतर-मंतर के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं.

ये भी पढ़ें- भदोही को फिर मिलेगी संत रविदास के नाम से पहचान, योगी कैबिनेट की मुहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button