Premanand Maharaj Ji : भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और संत प्रेमानंद महाराज से जुड़ा पांच करोड़ रुपये का दावा सामने आने के बाद उनकी टीम ने इसे पूरी तरह निराधार बताया है। विराट कोहली के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि क्रिकेटर संत प्रेमानंद महाराज से अपनी आस्था और श्रद्धा के कारण मिलने जाते हैं और इस मुलाकात के लिए किसी तरह की रकम नहीं दी गई।
विराट की टीम ने आरोपों को किया खारिज
विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा की ओर से लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और तथ्यों से परे हैं। प्रवक्ता ने कहा कि विराट कोहली की संत प्रेमानंद महाराज के प्रति गहरी आस्था है और इसी वजह से वह उनसे मिलने गए थे।
क्या है पूरा मामला?
संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण ने 25 सितंबर को संत के श्री राधा केली कुंज आश्रम के पास स्थित गुरु कृपा कुंज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हुआ।
इसी बीच दिनेश शर्मा ने दावा किया था कि वर्ष 2023 में जब विराट कोहली पहली बार संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे, तब उन्हें पांच करोड़ रुपये देकर बुलाया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया था कि इसके बाद संत प्रेमानंद महाराज की प्रसिद्धि बढ़ी।
मीडिया से तथ्यों की पुष्टि की अपील
विराट कोहली के प्रवक्ता ने इन दावों का कड़ा खंडन करते हुए कहा कि ऐसे आरोपों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले मीडिया संस्थानों को तथ्यों की उचित जांच करनी चाहिए। उन्होंने समाचारों की सत्यता की पुष्टि करने और जिम्मेदारी के साथ खबर प्रस्तुत करने की अपील की।
ये भी पढ़ें- PM मोदी के 25 साल पूरे, दिया नया नारा- ‘विकसित भारत का संकल्प, We Will Do It’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









