Punjab

दिव्यांगों के लिए पंजाब सरकार का बड़ा ऐलान, 255 करोड़ की वित्तीय मदद

Punjab News : पंजाब सरकार दिव्यांग व्यक्तियों के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देते हुए अब तक करीब 255 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी कर चुकी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 2.84 लाख लाभार्थियों को नियमित सहायता मिल रही है। चालू वित्त वर्ष में योजना के लिए 498.16 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत दिव्यांग व्यक्तियों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से अब तक करीब 255 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की जा चुकी है।

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का मानना है कि दिव्यांगता किसी भी व्यक्ति के सपनों, सम्मान और प्रगति के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी सोच के साथ सरकार केवल वित्तीय सहायता ही नहीं, बल्कि दिव्यांग व्यक्तियों को आत्मविश्वास, स्वावलंबन और समाज में समान रूप से आगे बढ़ने के अवसर भी उपलब्ध करवा रही है।

सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करने में सहायता

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत इस समय करीब 2.84 लाख लाभार्थियों को नियमित रूप से वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करने में सहायता मिल रही है।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए वित्तीय सहायता योजना को और मजबूत बनाने के लिए पंजाब सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान 498.16 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है, जो सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर

उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र लाभार्थी तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा, “किसी भी संवेदनशील और प्रगतिशील समाज की पहचान इस बात से होती है कि वह अपने सबसे अधिक जरूरतमंद नागरिकों के साथ कितनी मजबूती से खड़ा रहता है। पंजाब सरकार हर दिव्यांग व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी।”

हकदार व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे

डॉ. बलजीत कौर ने दिव्यांग व्यक्तियों और उनके परिवारों से अपील की कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संस्थाओं से भी अपील की कि वे पात्र लाभार्थियों की पहचान करने में सहयोग करें, ताकि कोई भी हकदार व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।

ये भी पढ़ें- पंजाब की महिलाओं के खातों में फिर पहुंची ‘सम्मान राशि’, ‘टूं-टूं’ के संदेश से खिले महिलाओं के चेहरे

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button