UP News : अयोध्या में राम मंदिर परिसर से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें पारिवारिक उपेक्षा और घरेलू हिंसा के बीच अकेली पड़ी 65 वर्षीय महिला को 181 महिला हेल्पलाइन के जरिए मदद मिली. महिला के घर से निकाले जाने के बाद वह मंदिर परिसर में असहाय अवस्था में मिली थीं. सूचना मिलने पर सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षित संरक्षण में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की.
वन स्टॉप सेंटर के अनुसार महिला का नाम कमलावती बताया गया है, जिसे पहचान गोपनीय रखने के लिए काल्पनिक नाम बताया गया है. महिला लंबे समय से पारिवारिक उपेक्षा, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का सामना कर रही थीं. पारिवारिक परिस्थितियां बिगड़ने के बाद उनके पति ने उन्हें घर से बाहर कर दिया था. इसके बाद वह राम मंदिर परिसर में अकेली बैठी मिलीं.
181 महिला हेल्पलाइन के जरिए 13 मार्च को मामले की सूचना मिली. जानकारी मिलते ही ओएससी की टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित स्थान पर ले गई.
काउंसलिंग के जरिए दिया भावनात्मक सहारा
सखी वन स्टॉप सेंटर में महिला की काउंसलिंग की गई. टीम ने उनकी बात सुनी और उनकी भावनात्मक स्थिति को समझने का प्रयास किया. महिला के आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को मजबूत करने के साथ उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी विकल्पों की जानकारी भी दी गई. जरूरत के अनुसार अस्थायी आश्रय और सुरक्षा की व्यवस्था भी की गई.
पति, बेटे और बहू की हुई काउंसलिंग
महिला को दोबारा परिवार से जोड़ने के लिए स्थानीय थाना, ग्राम प्रधान और परिजनों से संपर्क किया गया. इसके बाद उनके पति, पुत्र और बहू की फैमिली काउंसलिंग कराई गई. लगातार बातचीत और समझाइश के बाद परिजनों ने महिला को अपने साथ रखने पर सहमति जताई.महिला की इच्छा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक परिजनों के साथ भेज दिया गया.
समन्वित प्रयास से सुरक्षित घर लौटीं महिला
जिला प्रोबेशन अधिकारी जय पाल वर्मा के मुताबिक, महिला अब सुरक्षित और संतोषजनक वातावरण में रह रही हैं. इस पूरे मामले में 181 महिला हेल्पलाइन, सखी वन स्टॉप सेंटर, पुलिस, ग्राम प्रधान और परिवार के सदस्यों के बीच समन्वय की भूमिका रही. समय पर मिली सूचना और कार्रवाई के जरिए महिला को संरक्षण देने के साथ परिवार में संवाद बहाल करने का प्रयास किया गया.
ये भी पढ़ें- शतायु बुजुर्गों का बढ़ा मान, UP में 3 शतायु और 4 वरिष्ठ अचीवर्स को मिला सम्मान, स्वास्थ्य से पेंशन तक सुविधाओं पर जोर
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









