Uttar Pradesh

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को लेकर उठाए सवाल

Om Prakash Rajbhar : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर सोशल मीडिया पर एक तीखी पोस्ट की. अपनी पोस्ट में उन्होंने शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव के साथ अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर सवाल उठाए.

ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में सीधे अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि सुना है समाजवादी पार्टी कार्यालय में शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को जाने के लिए अनुमति की जरूरत पड़ती है, उन्होंने लिखा, “आप हरी झंडी देंगे, तभी एंट्री मिलेगी. ना किया तो बेआबरू होकर वापसी करनी होगी.”

शिवपाल यादव के योगदान का किया जिक्र

राजभर ने शिवपाल यादव के पुराने योगदान का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव के साथ गांव-गांव जाकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में भूमिका निभाई और संगठन खड़ा करने में लंबा समय लगाया, उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने पार्टी के लिए इतना काम किया, आज उन्हें पार्टी कार्यालय जाने के लिए भी अनुमति का इंतजार करना पड़ रहा है.

धर्मेंद्र यादव को लेकर भी उठाए सवाल

अपनी पोस्ट में ओमप्रकाश राजभर ने धर्मेंद्र यादव का भी जिक्र किया, उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र यादव का भी यही हाल है. इसके साथ ही उन्होंने सपा के अन्य नेताओं की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए. राजभर ने कहा कि अगर परिवार के लोगों की स्थिति ऐसी है तो बाकी नेताओं की पार्टी में क्या स्थिति होगी. ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि शिवपाल यादव से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पार्टी को खड़ा करने में उनका भी योगदान रहा है.

उन्होंने लिखा कि उन्हें इस बात का दुख है कि शिवपाल यादव को उम्र के इस पड़ाव पर ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “ऊपरवाला सब देख रहा है. वही मान-सम्मान का न्याय करेगा.”

ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button