CM Yogi Adityanath : गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान तेजी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है. हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से किया जाना चाहिए, उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
करीब 150 लोगों से की मुलाकात
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद लोगों के बीच पहुंचे, उन्होंने कुर्सियों पर बैठे लोगों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं.
मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और सभी को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा, उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.
अवैध कब्जे पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी मदद की जाए, उन्होंने निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट प्रक्रिया को जल्द पूरा कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की, उन्होंने गायों, गोवंश और नंदी को दुलारा, गुड़ खिलाया और गोशाला के कार्यकर्ताओं को गोवंश की उचित देखभाल के निर्देश दिए.
ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









