UP News : उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ लागू हुआ और कानून-व्यवस्था में सुधार के बाद विकास का पूरा परिदृश्य बदल गया.
‘फ्रॉम फाइनेंशियल डिसिप्लिन टू ट्रांसपेरेंट सर्विस डिलीवरी’ कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘रिफॉर्म, परफॉर्म एंड ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ कृषि, उद्योग, सर्विस सेक्टर और वित्तीय प्रबंधन में सुधार किया है.
कृषि से उद्योग तक विकास पर जोर
सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले विकास के पैमाने पर पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, लेकिन अब प्रदेश देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है, उन्होंने कहा कि राज्य की जीएसडीपी में वृद्धि के साथ कृषि, मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में भी प्रगति हुई है, उन्होंने कहा कि सरकार ने लंबे समय से लंबित योजनाओं को आगे बढ़ाया. सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का असर बुंदेलखंड में दिखाई दे रहा है. जहां पहले पानी की समस्या थी, वहां अब खेती की स्थिति में बदलाव आया है और कई जगह तीन फसलें तक हो रही हैं.
किसानों और निवेश को लेकर सरकार के कदमों का जिक्र
वित्त मंत्री ने कहा कि किसानों की उपज की खरीद का पैसा सीधे उनके खातों तक पहुंचा, जिससे उनकी क्रय शक्ति बढ़ी और अर्थव्यवस्था को गति मिली, उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के बड़े स्तर पर वितरण की बात भी कही, उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ा है और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए बड़े निवेश को जमीन पर उतारा गया है. मैन्युफैक्चरिंग के साथ सर्विस और पर्यटन क्षेत्र में भी विस्तार हुआ है.
9.5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का दावा
रोजगार के मुद्दे पर सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी गई है, उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में योग्यता और क्षमता को आधार बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने एक लाख और सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है, उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि हुनरमंद युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
साइबर फ्रॉड से बचाव पर भी दिया जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन बढ़ने के साथ साइबर फ्रॉड से बचाव की जानकारी होना जरूरी है, उन्होंने कहा कि ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर लोगों को तुरंत कदम उठाने और शिकायत दर्ज कराने की जानकारी होनी चाहिए.
एसपी साइबर क्राइम राजेश यादव ने साइबर अपराध के तरीकों और बचाव की जानकारी दी, उन्होंने कहा कि फिशिंग, फर्जी वेबसाइट, डेटा चोरी और फर्जी अप्रूवल जैसे तरीकों से अपराधी लोगों को निशाना बनाते हैं, उन्होंने बताया कि साइबर फ्रॉड की स्थिति में पहले एक घंटे के भीतर शिकायत करने से रकम को होल्ड या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है, उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर अपराध से निपटने के लिए प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क बनाई गई है और लखनऊ में 1930 कॉल सेंटर के साथ साइबर फ्रॉड मिटिगेशन सेंटर संचालित किया जा रहा है.
कार्यक्रम में सचिव वित्त संदीप कौर, विशेष सचिव वित्त मनोज कुमार तिवारी, एसपी साइबर क्राइम राजेश यादव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला, सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया ‘ठगबंधन’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









