Uttar Pradesh

CM योगी ने 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 10 दिनों में 6,672 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

UP News : सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश के 1,375 युवाओं के लिए सोमवार का दिन खास रहा. इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राम पंचायत अधिकारी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.

नियुक्ति पत्र हाथ में आते ही कई अभ्यर्थियों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए. किसी को परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जगी तो किसी को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता से राहत मिली.

11 अभ्यर्थियों को मंच पर मिला नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से 11 नवचयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिए. नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने अपनी संघर्ष यात्रा और परिवार की परिस्थितियों को साझा किया. अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया.

लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने ससुराल की पहली महिला हैं, जिन्हें सरकारी सेवा में जाने का अवसर मिला है, उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें भविष्य को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन नियुक्ति मिलने से नई उम्मीद और आत्मविश्वास मिला है. कुशीनगर के आदित्य सिंह किसान परिवार से आते हैं, उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में चयन से उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही.

नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिले

वहीं गोरखपुर की ब्यूटी शाही ने कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी. सरकारी नौकरी मिलने से वह जनसेवा के साथ परिवार की परिस्थितियों को भी बेहतर कर सकेंगी.

मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाने वालों में प्रयागराज के आशुतोष त्रिपाठी, आगरा के ओम बघेल, गाजीपुर के प्रवीण कुमार, प्रतापगढ़ की सुधा, कुशीनगर के आदित्य सिंह, हमीरपुर की नेहा देवी, फतेहपुर की रूपाली गुप्ता, लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव, गोरखपुर की ब्यूटी शाही, गाजीपुर के शुभम कुमार और प्रतापगढ़ के अमित कुमार सिंह शामिल रहे.

6,672 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

मिशन रोजगार के तहत पिछले 10 दिनों में प्रदेश में चार बड़े नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. 19 सितंबर को 818 अभ्यर्थियों, 20 सितंबर को पुलिस विभाग के 912 अभ्यर्थियों और 22 सितंबर को शिक्षा विभाग के 3,567 चयनित शिक्षकों व प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे. सोमवार को 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद 19 से 28 सितंबर के बीच कुल 6,672 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं.

ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button