UP News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर समाजवादी पार्टी और प्रदेश सरकार के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ‘सैफई मॉडल’ के विकास वाले उदाहरण पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा है.
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव की सरकार के दौरान विकास का फायदा केवल सैफई क्षेत्र तक सीमित रहा, उन्होंने कहा कि उस समय 24 घंटे बिजली की सुविधा सिर्फ सैफई में मिलती थी और सैफई महोत्सव बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता था.
अखिलेश राज में सिर्फ सैफई का हुआ विकास
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में सैफई में मेडिकल कॉलेज से लेकर सड़कों तक कई विकास कार्य हुए, लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों की अनदेखी हुई, उन्होंने आरोप लगाया कि ज्यादा धन सैफई क्षेत्र में लगाया गया.
SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं
कैबिनेट मंत्री ने SIR को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों को गलत बताया, उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है और यह पहले भी कई बार हो चुकी है.
राजभर ने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में 16 हजार मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि 23 हजार स्थानांतरित मतदाताओं को एक जगह करने की प्रक्रिया चुनाव आयोग की ओर से की गई है.
अखिलेश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर हमला
राजभर ने अखिलेश यादव के कार्यकाल पर कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गुंडागर्दी, लूट, हत्या, बलात्कार और छिनैती जैसी घटनाएं बढ़ी थीं, उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उनकी भूमिका पर सवाल उठे थे. राजभर ने सरकारी नौकरियों को लेकर भी आरोप लगाए.
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव चुनावी लाभ के लिए सरकार पर आरोप लगा रहे हैं, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अपनी पिछली सरकार की गलतियों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार में खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास को नई रफ्तार, 1548 करोड़ रुपये से 8,397 परियोजनाएं ला रहीं बदलाव
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









