Vrindavan Dham : उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर गए थे, जहां से गिरने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
पुलिस के अनुसार, घटना वाराह घाट क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग की है। बताया गया कि रसिक दुलारी शरण को गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
कमरे से मिला संदिग्ध सामान
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक ग्राइंडर मिला है, जिस पर खून के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। साथ ही प्राइवेट पार्ट कटा हुआ था। फिलहाल मौत की वजह और प्राइवेट पार्ट कटने की पूरी स्थिति साफ नहीं है। पुलिस ने मोबाइल और डायरी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मिले चोट के निशानों और कमरे से बरामद सामान की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मोबाइल डेटा और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
CCTV फुटेज की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का CCTV फुटेज मिला है, जिसमें रसिक दुलारी शरण के बिल्डिंग से गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले उनकी किससे बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया गया।
परिवार ने लगाए मिलने नहीं देने के आरोप
रसिक दुलारी शरण के परिवार ने पुलिस को शिकायत दी है। परिवार का आरोप है कि दीक्षा लेने के बाद उन्हें कई बार मिलने में परेशानी हुई। रसिक की मां लौंग बाई ने बताया कि उन्होंने लंबे समय से बेटे से बातचीत नहीं की थी। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों ने भी घटना को लेकर कई सवाल उठाए हैं।
दो साल पहले ली थी दीक्षा
रसिक दुलारी शरण मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले वह वृंदावन आए थे और संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद उन्होंने अपना नाम दीपक लोधी से बदलकर रसिक दुलारी शरण रख लिया था। वह बिजली का काम जानते थे और आश्रम में इसी सेवा से जुड़े हुए थे।
पुलिस ने शुरू की विस्तृत जांच
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस घटनास्थल, बरामद सामान, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- UP बनेगा देश का टेक्नोलॉजी हब! AI और Semiconductor सेक्टर में बड़ी छलांग की तैयारी, खुलेंगे विकास के नए रास्ते
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









