Uttar Pradesh

CM योगी ने लॉन्च की भारत टैक्सी और कृषक समृद्धि योजना, ड्राइवरों को जीरो कमीशन और किसानों को 6% ऋण

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़ी योजनाओं की शुरुआत की. मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि इन योजनाओं से एक ओर टैक्सी चालकों को सामाजिक सुरक्षा और रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा उपलब्ध होगी.

भारत टैक्सी से टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक रजिस्ट्रेशन कराकर जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे. इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा. वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है.

भारत की गति को प्रगति में बदलेगी भारत टैक्सी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों के बारे में पहले पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था. अब भारत टैक्सी के माध्यम से वे संगठित व्यवस्था से जुड़ सकेंगे और सामाजिक सुरक्षा के साथ काम कर सकेंगे.

उन्होंने कहा कि भारत टैक्सी केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भारत की गति को प्रगति में बदलने का काम करेगी. फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसका संचालन शुरू किया गया है.लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत कई संस्थाओं के साथ भारत टैक्सी के लिए एमओयू भी किए गए हैं.

महाकुंभ में रैपिडो मॉडल का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में युवाओं ने रैपिडो के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा दी थी. इससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली, उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से ग्रामीण बस सेवा को भी भारत टैक्सी की तर्ज पर विकसित करने की बात कही.

5 लाख किसानों को सस्ता ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर 6 प्रतिशत कर दी गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती और कृषि मशीनरी के लिए किसानों को आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए दीर्घकालिक ऋण की व्यवस्था की गई है. आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.

86 लाख किसानों का ऋण माफ

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए, उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है. पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में 24 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है. वहीं 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल वाले किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है.

किसानों को 3.30 लाख करोड़ गन्ना भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं. पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है, उन्होंने कहा कि किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक हाउस, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और एफपीओ के गठन पर काम किया गया है.

कृषक समृद्धि पोर्टल और भारत टैक्सी लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप यूपीसीडीसी लॉन्च किया. इसके अलावा उर्वरक के लिए मोबाइल ऐप और सहकारिता सेवाओं को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए कोऑपरेटिव डाटा सेंटर और मोबाइल ऐप की शुरुआत भी की गई.

मुख्यमंत्री ने भारत टैक्सी के पांच सारथियों को शेयर प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे. इसके बाद अतिथियों के साथ भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button