Uttar Pradesh

आगरा के 36 उद्यमी दिखाएंगे हुनर, 60 स्टॉल पर लेदर, हैंडीक्राफ्ट और पेठे समेत ताजनगरी के उत्पाद होंगे प्रदर्शित

UPITS 2026 : ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में आगरा के उद्यमी अपनी व्यापारिक क्षमता और हुनर का प्रदर्शन करेंगे. ताजनगरी के स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और नवाचारियों को इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पादों को देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.

इस वर्ष UPITS में आगरा जिले के 36 उद्यमी भाग लेंगे, जिनके लिए 60 स्टॉल आरक्षित किए गए हैं. इनमें ओडीओपी, एमएसएमई, महिला उद्यमी, युवा उद्यमी और निर्यातक श्रेणी के प्रतिभागी शामिल हैं.

आगरा के उद्यमियों को मिलेगा ग्लोबल मंच

UPITS 2026 में आगरा के विभिन्न वर्गों के उद्यमियों को विशेष अवसर दिया गया है. ओडीओपी (एक जनपद एक उत्पाद) श्रेणी में 8 इकाइयों के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे.

वहीं महिला उद्यमी, एमएसएमई और युवा उद्यमियों की श्रेणी में 7 इकाइयों के 7 स्टॉल होंगे. इनमें 4 महिला उद्यमी और 3 युवा उद्यमी अपने नए विचार और उत्पाद वैश्विक खरीदारों के सामने पेश करेंगे. इसके अलावा नवोदित निर्यातक श्रेणी में 17 इकाइयों के 25 स्टॉल और नियमित निर्यातक श्रेणी में 9 इकाइयों के 10 स्टॉल लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत भी एक इकाई इस आयोजन में हिस्सा लेगी.

लेदर-हैंडीक्राफ्ट में दिखेगी आगरा की पहचान

ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो में आगरा के उत्पादों की बड़ी रेंज देखने को मिलेगी. स्टॉलों पर आगरा के प्रसिद्ध लेदर उत्पाद, मार्बल स्टोन उत्पाद, फुटवियर, लेदर फुटवियर, होम डेकोर, कारपेट, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम साड़ियां, गारमेंट्स, जरी-जरदोजी और इमीटेशन ज्वेलरी प्रदर्शित की जाएगी. विदेशी मेहमानों और बड़े खरीदारों को ताजनगरी की कला, शिल्प और कारोबारी क्षमता से रूबरू होने का मौका मिलेगा.

पेठे और पारंपरिक व्यंजनों का भी होगा प्रदर्शन

UPITS में आगरा के उत्पादों के साथ यहां के स्वाद की भी झलक देखने को मिलेगी. ओडीओपी श्रेणी के तहत 5 इकाइयां हिस्सा लेंगी. ट्रेड शो में आने वाले खरीदार आगरा के प्रसिद्ध पेठे का स्वाद ले सकेंगे. इसके अलावा पारंपरिक मिठाइयों और नमकीन का भी प्रदर्शन किया जाएगा. एक विशेष लाइव किचन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां ताजे और स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध होंगे.

उद्यमियों को मिलेगा व्यापार विस्तार का अवसर

उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार ने बताया कि UPITS स्थानीय उद्यमियों के लिए व्यापार विस्तार का बड़ा मंच बन चुका है, उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से नवोदित, युवा और महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधा संवाद, B2B मीटिंग और व्यापार बढ़ाने का अवसर मिलेगा, उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button