Uttar Pradesh

CM योगी करेंगे 8 करोड़ के महिला शरणालय भवन का लोकार्पण, 100 महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित आश्रय

Gorakhpur News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित राजकीय महिला शरणालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण भी करेंगे.

चरगांवा में कृषि विभाग के बीज गोदाम के पास करीब 8 करोड़ 5 लाख 42 हजार रुपये की लागत से राजकीय महिला शरणालय भवन का निर्माण कराया गया है. इस भवन में 100 महिलाओं के रहने की क्षमता होगी.

आधुनिक सुविधाओं से लैस शरणालय

नवनिर्मित भवन में महिलाओं के लिए आवासीय सुविधाओं के साथ कई आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. इसमें 10 डारमेट्री कक्ष, चार अध्ययन कक्ष, रोगी कक्ष, क्रेच रूम, डाइनिंग हॉल, किचन, स्टोर, शौचालय और स्नानघर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.

इसके अलावा प्रशासनिक कार्यों के लिए वर्कशॉप, वार्डन कक्ष और कार्यालय की व्यवस्था भी की गई है. महिलाओं के अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए पुस्तकालय का निर्माण भी कराया गया है.

जरूरतमंद महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित आश्रय

राजकीय महिला शरणालय महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित संरक्षणात्मक और आवासीय संस्था है. इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा, सामाजिक और पारिवारिक कठिनाइयों से प्रभावित महिलाओं को सुरक्षित आश्रय, संरक्षण और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराना है. यहां संकटपूर्ण परिस्थितियों से गुजर रही महिलाओं को रहने, देखभाल और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं.

100 किशोरों की क्षमता वाला संप्रेक्षण गृह

महिला शरणालय के लोकार्पण से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चरगांवा में निर्माणाधीन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगे.इस भवन का निर्माण करीब 14 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है. इसकी क्षमता भी 100 किशोरों के रहने की होगी. इसी परिसर में किशोर न्याय बोर्ड के लिए अलग ब्लॉक का निर्माण भी किया जा रहा है.

राजकीय संप्रेक्षण गृह का उद्देश्य कानून का उल्लंघन करने वाले बच्चों को सुरक्षित, बाल-अनुकूल और सुधारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है. यहां बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, मनोसामाजिक सहयोग और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी.

श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होंगे CM योगी

गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे.

यह कथा ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की जा रही है. वृंदावन के मलूकपीठाधीश्वर राजेंद्रदास श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे.

ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button