UP News : उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. योगी सरकार 41,424 चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है. ट्रेनिंग के दौरान हथियार संचालन और फायरिंग अभ्यास के लिए 5.56 एमएम राइफल के 10 लाख से ज्यादा कारतूस खरीदे जाएंगे.
इसके लिए होमगार्ड विभाग एसटीएफ के माध्यम से करीब 3 करोड़ 55 लाख रुपये खर्च करेगा. प्रदेश में पहली बार होमगार्ड अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण के लिए इतनी बड़ी संख्या में कारतूस खरीदे जा रहे हैं.
सितंबर के अंत तक जारी होगा भर्ती परिणाम
डीजी होमगार्ड ध्रुवकांत ठाकुर ने बताया कि 41,424 होमगार्ड पदों पर एनरोलमेंट की प्रक्रिया चल रही है. अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) अंतिम चरण में है और सितंबर के अंत तक भर्ती का परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके बाद सफल अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया अक्टूबर में पूरी की जाएगी. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नवंबर से चयनित अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग शुरू होगी.
90 दिन की ट्रेनिंग में हथियार संचालन भी शामिल
नवचयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों को 90 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसमें होमगार्ड की जिम्मेदारियां, अनुशासन, कानून व्यवस्था में सहयोग, आपदा और आपात परिस्थितियों में भूमिका के साथ हथियार संचालन की ट्रेनिंग भी शामिल होगी.
प्रशिक्षण के लिए विभाग 5.56 एमएम एसएलआर राइफल के कारतूस के साथ करीब 1 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से 155 एसएलआर राइफल भी खरीदेगा. ट्रेनिंग जनवरी तक पूरी करने की तैयारी है, जिसके बाद फरवरी में चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों को फील्ड में तैनाती दी जाएगी.
7,600 पदों पर जल्द निकलेगा नया विज्ञापन
होमगार्ड विभाग के अनुसार 41,424 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7,600 रिक्त पदों पर नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा. इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है.
प्रदेश में होमगार्ड स्वयंसेवकों के कुल 1,18,348 पद स्वीकृत हैं. इनमें वर्तमान में 69,324 होमगार्ड कार्यरत हैं, जबकि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी 7,600 पदों पर नई भर्ती की जरूरत रहेगी.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









