UP News : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 अब सिर्फ व्यापार और निवेश का मंच नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के लिए सीखने और वैश्विक कारोबारी माहौल को समझने का बड़ा अवसर भी बनेगा. योगी सरकार की पहल पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को इस आयोजन से सक्रिय रूप से जोड़ा जा रहा है.
विद्यार्थियों को आयोजन की अलग-अलग गतिविधियों में उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार जिम्मेदारियां दी जाएंगी. इसके जरिए छात्र कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर उद्योग, उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की वास्तविक दुनिया को करीब से समझ सकेंगे.
चार वालंटियर टीमें बनाई गईं
25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले UPITS में विद्यार्थियों को शटल संचालन, स्कैनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नॉलेज सेशन, इंफॉर्मेशन डेस्क और B2B मीटिंग जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा.
इसके लिए वालंटियर्स की चार टीमें बनाई गई हैं. छात्रों को केवल दर्शक नहीं, बल्कि आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाने वाले वालंटियर्स के रूप में जोड़ा जाएगा. फैकल्टी सुपरविजन और नोडल संपर्क के जरिए उन्हें मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.
स्टार्टअप और करियर के अवसरों से जुड़ेंगे छात्र
UPITS में विद्यार्थियों के लिए स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी कई गतिविधियां भी रखी गई हैं. यंग एंटरप्रेन्योर हंट और स्टार्टअप/फाउंडर जोन के जरिए छात्रों को उद्यमियों और फाउंडर्स से बातचीत करने का मौका मिलेगा.
इसके अलावा करियर कॉर्नर में इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट और रोजगार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी. इससे विद्यार्थी उद्योग जगत की जरूरतों और काम करने के तरीकों को समझ पाएंगे.
एक्सपो पासपोर्ट से मिलेगा सीखने का अनुभव
विद्यार्थियों के लिए एक्सपो पासपोर्ट की व्यवस्था भी की गई है. इसके तहत उन्हें 8 से 10 डिस्कवरी टास्क पूरे करने होंगे. साथ ही थीम आधारित ट्रेल्स के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों और वैश्विक व्यापार से जुड़ी जानकारियां हासिल करने का मौका मिलेगा.
निर्धारित गतिविधियां पूरी करने वाले छात्रों को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे. कॉलेज एक्सपो एंबेसडर्स के माध्यम से भी ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों को जोड़ने की योजना है.
UPITS 2026 में युवाओं की यह भागीदारी छात्रों को व्यापार, निवेश, स्टार्टअप और वैश्विक अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार का जॉब कैलेंडर ऑन, 4 दिन में 5,297 नियुक्तियां, अगले छह महीने में 1 लाख नौकरी देने का लक्ष्य
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









