Varanasi News : वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़ा एक मामला अब कोर्ट तक पहुंच गया है. मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु बाबूलाल सोनकर ने मंदिर के SDM शंभूशरण के खिलाफ शिकायत दाखिल की थी. जिसे अदालत ने परिवाद के तौर पर दर्ज कर लिया है.
यह मामला 16 फरवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है. शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने दोस्त अनुज पांडेय के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे.
SDM और बाउंसरों पर लगाए आरोप
बाबूलाल सोनकर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मंदिर परिसर में SDM शंभूशरण अपने निजी बाउंसरों के साथ मौजूद थे. शिकायत के मुताबिक, SDM के कहने पर बाउंसरों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की गई.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि SDM शंभूशरण ने उनका गला दबाने की कोशिश की. वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके दोस्त अनुज पांडेय के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है.
थाने में शिकायत के बाद कोर्ट पहुंचे बाबूलाल
बाबूलाल सोनकर के मुताबिक, घटना के बाद 16 फरवरी को ही थाना चौक में लिखित शिकायत दी गई थी. शिकायत में बताया गया कि अनुज पांडेय को चोटें आईं और उनका इलाज कबीरचौरा अस्पताल में कराया गया.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद 10 मार्च 2026 को रजिस्टर्ड डाक के जरिए भी पुलिस अधिकारियों को शिकायत भेजी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया.
3 नवंबर को दर्ज होंगे बयान
मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश SC-ST एक्ट सुधाकर राय की अदालत में हुई. अदालत ने शिकायत दर्ज करने का आदेश दिया है. अब मामले में बयान दर्ज करने के लिए 3 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई है.
अदालत के आदेश के अनुसार, आरोपियों को तलब करने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा. शिकायतकर्ता ने अपनी याचिका में मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़ी पुरानी शिकायतों का भी जिक्र किया है.
ये भी पढ़ें- Spam Calls से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम, AI से होगी संदिग्ध नंबरों की पहचान, नंबर होंगे बंद
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









