Uttar Pradesh

मेरठ में सूर्य किरण टीम का शानदार एयर शो, 200 फीट ऊंचाई पर दिखे फाइटर जेट के हैरतअंगेज करतब

Meerut Air Show : उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र में शनिवार से सूर्य किरण एयरोबेटिक्स टीम का दो दिवसीय एयर शो शुरू हुआ. 19 और 20 सितंबर को आयोजित हो रहे इस एयर शो के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग और हजारों स्कूली बच्चे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे.

करीब एक घंटे तक चले इस शानदार एयर शो में सूर्य किरण टीम के फाइटर जेट विमानों ने आसमान में कई तरह के फॉर्मेशन बनाकर अद्भुत प्रदर्शन किया. विमानों ने अलग-अलग आकृतियां बनाईं और कई बार तिरंगे की झलक भी दिखाई.

आसमान में करतब देख रोमांचित हुए दर्शक

फाइटर जेट के शानदार करतब देखकर मैदान में मौजूद दर्शक रोमांचित हो उठे. लोगों ने तालियों और नारों के साथ पायलटों का उत्साह बढ़ाया. वहीं, बड़ी संख्या में युवा इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते नजर आए. एयर शो के दौरान आसमान में विमानों की तेज रफ्तार और शानदार तालमेल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया.

मेरठ के लिए गौरव का पल बताया गया आयोजन

कार्यक्रम में एसपीजी के जीटीएस मूर्ति, जिलाधिकारी वीके सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी भी मौजूद रहे, उन्होंने इस आयोजन को मेरठ के लिए गौरव और रोमांच का पल बताया.

उन्होंने कहा कि मेरठ में बैठकर इतने करीब से इस तरह के हवाई करतब देखने का अवसर मिलना अपने आप में खास अनुभव है. कई लोगों ने पहली बार इतने करीब से फाइटर जेट का प्रदर्शन देखा.

200 फीट की ऊंचाई पर दिखे खतरनाक स्टंट

इस एयर शो में सूर्य किरण टीम के 9 हॉक एमके-132 विमानों ने करीब 200 फीट की ऊंचाई पर शानदार करतब दिखाए. विमानों ने तिरंगा फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया. इस टीम में मेरठ के तीन जांबाज पायलट स्क्वाड्रन लीडर अमन, राहुल और शरद भी शामिल हैं.

पहले दिन एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी. आयोजकों और प्रशासन का अनुमान है कि रविवार को होने वाले शो में इससे भी ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं. दूसरे दिन के प्रदर्शन को लेकर लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है. सेना के जवान भी इस दौरान अपने हवाई करतब दिखाएंगे.

ये भी पढ़ें – ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 240वें दिन पंजाब पुलिस ने 526 स्थानों पर की छापेमारी, 265 व्यक्ति गिरफ्तार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button